Desh Videsh News – Breaking News, Politics, Business & Sports Updates

जींद में जन्म, दो साल की उम्र में आईं दिल्ली; कौन हैं रेखा गुप्ता, जो बन सकती हैं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री 

February 19, 2025 | by Deshvidesh News

जींद में जन्म, दो साल की उम्र में आईं दिल्ली; कौन हैं रेखा गुप्ता, जो बन सकती हैं दिल्ली की नई मुख्यमंत्री

Delhi New CM:  27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी कर रही भाजपा फिर से एक महिला को मुख्यमंत्री की कमान सौंपने जा रही है. दिल्ली में आखिरी बार भाजपा सरकार की मुखिया बांसुरी स्वराज थीं. अब 27 साल बाद जब दिल्ली में भाजपा की नई सरकार का गठन होने जा रहा है तो फिर से दिल्ली की कमान एक महिला के हाथों में सौंपे जाने की पूरजोर चर्चा है. हालांकि आधिकारिक घोषणा से पहले कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा. लेकिन भाजपा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली की नई सीएम के रेस में रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) का नाम सबसे आगे चल रहा हैं.

रेखा गुप्ता मूलरूप से हरियाणा के जींद की रहने वाली हैं. उनका जन्म जींद में ही हुआ था. लेकिन मात्र 2 साल की उम्र में वो दिल्ली आई. जिसके बाद दिल्ली की होकर ही रह गई. अब दिल्ली की कमान संभाल सकती हैं. 

रेखा गुप्ता का नाम दिल्ली सीएम रेस में सबसे आगे क्यों?

दिल्ली सीएम रेस में रेखा गुप्ता का नाम सबसे आगे चलने के पीछे सबसे बड़ी वजह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को बताया जा रहा है. दरअसल आरएसएस ने महिला मुख्यमंत्री का प्रस्ताव दिया. आरएसएस ने ही रेखा गुप्ता के नाम को आगे बढ़ाया है. भाजपा सूत्रों की मानें तो पार्टी आलाकमान ने इसे मान भी लिया है. हालांकि आधिकारिक घोषणा दिल्ली भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद पर्यवेक्षक ही करेंगे. 

कौन हैं रेखा गुप्ता जो बन सकती हैं दिल्ली की सीएम

रेखा गुप्ता दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से विधायक हैं. वो दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं. 50 साल की रेखा गुप्ता दक्षिण दिल्ली नगर निगम की मेयर भी रह चुकी हैं. बात रेखा गुप्ता की पढ़ाई की करें तो उन्होंने एलएलबी की पढ़ाई की है. रेखा गुप्ता का जन्म हरियाणा के जींद जिले के जुलाना उपमंडल के नंदगढ़ गांव 1974 में हुआ था.

दो साल की उम्र में आईं दिल्ली, ABVP से राजनीति में एंट्री

रेखा गुप्ता जब दो साल की थीं तब उनका परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया. रेखा गुप्ता के पिता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर थे. 1976 में पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया..रेखा गुप्ता की पूरी पढ़ाई लिखाई दिल्ली में हुई. इसी दौरान वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़ी और राजनीति में सक्रिय हुई. रेखा गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय की सचिव और प्रधान भी रह चुकी हैं.

रेखा गुप्ता का सियासी करियर

रेखा गुप्ता पहली बार विधायक बनी हैं. रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार वंदना कुमारी को हराकर चुनाव जीता है. रेखा गुप्ता को कुल 68200 वोट मिले थे. जबकि आप की वंदना कुमारी 38605 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रही थी. यहां से कांग्रेस के प्रवीण कुमार जैन 4892 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर थे. 

यह भी पढे़ं – Delhi New CM: शपथ, सरकार और CM… दिल्ली में धीरे-धीरे खुल रहा राज, जानिए टॉप 10 अपडेट्स
 

 

RELATED POSTS

View all

view all
WhatsApp